ख़बरों के नाम पर इस दौर में कोई भी कुकर्म किया जा सकता है… लोग करते भी हैं लेकिन कुकर्म के साथ ही महापाप का नायब और बेहद घिनौना चेहरा एबीपी न्यूज़ का बुधवार की रात सामने आया… लाश को लेकर डिस्को डांस की परंपरा शायद ही दुनिया में कहीं हो…. लेकिन देश के प्रतिष्ठित चैनलों में शुमार इस न्यूज़ चैनल ने कुछ ऐसा ही किया है… राजेश खन्ना अब इस दुनिया में नहीं है …अगर होते भी तो शर्म से मर गये होते.
कल मुंबई में अपने बंगले पर जब वो जिंदगी की आखरी लम्हों में थे ….उस वक़्त देश भर की मीडिया इस ख़बर पर जमी थी ….समाचार चैनलों पर काका को लेकर हर तरह से ख़बरें परोसी जा रही थी …..एक घंटे के अन्दर ही ये साफ़ हो गया कि देश का पहला सुपर स्टार अब इस दुनिया में नहीं है ……देश भर में लोग इस ख़बर से गमगीन थे …राजेश खन्ना के जीवन से जुड़े हर पहलू को तक़रीबन हर खबरिया चैनल दिखा और सुना रहा था…..ये कहना गलत नहीं है कि समाचार चैनल संवेदनाओं का व्यापार करता है ….हर चैनल अपने अपने हिसाब से इस धंधे को चलाता है …..लेकिन राजेश खन्ना को लेकर जिस तरह से देश के प्रतिष्ठित चैनल एबीपी न्यूज़ ने रात में लव स्टोरी प्रोग्राम को ऑन एयर किया …उसके लिए इन्हें जितनी गालियाँ दी जाएँ कम है… गाली से भी अगर कुछ बुरा हो तो इनके लिए मैं दे रहा हूँ.
तरस आती है इस प्रोग्राम को चलाने के लिए इजाजत देने वाले तथा कथित बड़े संपादक सरीखे लोगों की सोच पर भी …..जरा सोचिये राजेश खन्ना का पार्थिव शरीर आशीर्वाद बंगले में पड़ा था ….परिजनों के साथ ही बड़ी संख्या में लोग गमगीन थे और ठीक उसी दौरान एबीपी न्यूज़ पर निगार खान सम्भोग जैसी मुद्रा बना कर हर एक शब्द के साथ बलात्कार करते हुए राजेश खन्ना के जीवन से जुड़े रहस्यों से पर्दा उठा रही थी ……इस कार्यक्रम को दिखाए जाने का जो वक़्त चुना गया …हो सकता है टीआरपी के लिहाज से बहुत सही हो …लेकिन क्या एक आदमी की लाश उसके घर में पड़ी हो और उसके जीवन से जुड़े रहस्यों को कामुक मुद्रा में दर्शकों के सामने पेश करना कहां से जायज है….?
पैसों के खातिर सब कुछ किया जा सकता है …बदनाम गलियों से लेकर पांच सितारा होटल तक जिस्म फरोसी या फिर चोरी चकारी तक ….लोग कर भी रहे है ….हर काम के लिए लोग इस संसार में मौजूद हैं …जिन्हें अलग अलग नाम से जाना भी जाता है ….लेकिन पत्रकारिता के नाम पर राजेश खन्ना की जीवनी, वो भी उस वक़्त जब उनकी लाश घर में पड़ी हो … कामुक मुद्रा में देश के सामने परोसा जाना …इस पेशे को कलंकित करता है …..एबीपी न्यूज़ वालों को इस का जवाब देना चाहिए कि क्या उनके घर में भी कोई मरता है तो उसकी जीवनी निगार खान के सम्भोग वाले पोज में दुनिया को दिखायेंगे.
पुरुषोत्तम सिंह





