गुवाहाटी : मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने गुरुवार को इस बात से इन्कार कर दिया कि उनके दबाव में न्यूज लाइव चैनल के एडिटर इन चीफ अतनु भूयां ने इस्तीफा दिया है। विस परिसर स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने साफ किया कि उन्होंने किसी पत्रकार और एडिटर को हटाने के लिए किसी के ऊपर दबाव नहीं डाला। इसलिए न्यूज चैनल के प्रबंधन को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए ताकि बातें साफ हो सकें।
उल्लेखनीय है कि चैनल के एडिटर इन चीफ अतनु भूंया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था तथा कहा था कि मुख्यमंत्री के दबाव में ही वे तथा उनके पत्रकार गौरव ज्योति नियोग ने इस्तीफा दिया है। मुख्यमंत्री का बयान आने के तुरंत बाद न्यूज लाइव प्रबंधन के सीईओ सी बेजबरुवा ने अतनु भूयां के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की तरफ से किसी तरह का दबाव नहीं दिया गया है। अतनु भूयां ने जो कुछ कहा है, वह उनकी व्यक्तिगत राय है और चैनल प्रबंधन का इससे कोई लेना-देना नहीं है। अतनु ने स्वेच्छा से इस्तीफा दिया है।





