कुशीनगर : कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मलुकही में पुलिस व ग्रामीणों के बीच बीते दिनों हुए टकराव का कवरेज करने गए पत्रकारों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस के इस रवैये की हर कोई विरोध कर रहा है। शुक्रवार को ग्रापए सदस्यों ने भी बैठक कर पत्रकारों पर मुकदमा वापस न होने तथा न्याय न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे इंद्रजीत गुप्त ने कहा कि मलुकही में सड़क जाम किए ग्रामीणों के मामले में थानाध्यक्ष कप्तानगंज यादवेंद्र पाल द्वारा पत्रकार संजय मिश्र व उनके भाई अनिल मिश्र के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया जाना मीडिया पर अंकुश लगाने की कोशिश है। पत्रकारों पर गलत पुलिसिया कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पत्रकारों ने निर्णय लिया कि अगर शीघ्र पत्रकार पर दर्ज मुकदमा वापस नहीं हुआ तो आंदोलन किया जायेगा। बैठक में बेचू बीए, अरूण कुमार सिंह, फरेंद्र पाण्डेय, नवजीत सिंह, प्रदीप मिश्र, शंभू शरण वर्मा, एकराह मुल्ला खान, अभिषेक पाण्डेय, शेख एस जेड सामानी,संजय मिश्र, विश्वजीत सिंह आदि पत्रकार उपस्थित थे।






