: भाई और दोस्त भी मारे गए : इस्लामाबाद। पाकिस्तान के सिंध प्रांत में बंदूकधारी बदमाशों ने समाचार चैनल में काम करने वाले एक रिपोर्टर सहित तीन लोगों की गोली मार कर हत्या कर दी। मारे गए लोगों में पत्रकार के अलावा उस के भाई एवं दोस्त शामिल हैं। समाचार पत्र 'डॉन' के अनुसार सिंधी न्यूज चैनल केटीएन के पत्रकार औरंगजेब तूनियो की ललूरौंक कस्बे में गुरुवार देर रात उसके भाई एवं दोस्त के साथ गोली मार कर हत्या कर दी गई।
अखबार के अनुसार घटना के वक्त अपने कार्यालय में अपने भाई तथा दोस्त के साथ बैठे हुए थे, तभी 20 बंदूकधारियों का समूह वहां पहुंचा तथा अंधाधुंध गोली चलाकर औरंगजेब, उनके भाई रूस्तम तूनियो एवं दोस्त दीदार खासखेली की हत्या कर दी। पुलिस अभी तक इस मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है। समझा जा रहा है कि इस हत्या के पीछे आपसी रंजिश हो सकती है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।






