कोटा, राजस्थान: कोटा में राजस्थान पत्रिका के चीफ रिपोर्टर जग्गो सिंह धाकड़ के साथ बीजेपी के उम्मीदवार प्रहलाद गुंजल के समर्थकों ने जमकर मारपीट की. जग्गो सिंह ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को उनके घर पर झंडा लगाने से मना कर दिया जिसपर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जग्गो सिंह के साथ मारपीट की और उनकी बाइक भी तोड़ दी. इतना ही नहीं जागड़ की पत्नी के साथ भी अभद्रता की गई. जग्गों सिंह की शिकायत पर पुलिस ने दो बीजेपी कार्यकर्ताओं विशाल सिंह और शुभम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस में की गई शिकायत में धाकड़ ने कहा है कि जब वो आज सुबह अपने घर से निकलने की तैयारी कर रहे थे तभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके घर पर पार्टी का झंडा लगा दिया. जिस पर उन्होंने कहा कि मैं पत्रकार हूं और मुझे निष्पक्ष रहना चाहिए लेकिन इस झंडे से मेरी निष्पक्षता पर संदेह उठता है अतः इसे यहां से हटा लें. इतना कहते ही बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने मुझसे गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी. उनकी बाइक भी तोड़ दी और जब शोर सुनकर पत्नी बाहर आई तो उनके साथ भी बदतमीजी की गई.
घटना के विरोध में सभी पत्रकार इकठ्ठा होकर विधान सभा के लिए नियुक्त सामान्य पर्यवेक्षक तथा एसएसपी से मिले. पत्रकारों ने पर्यवेक्षक एवं एसएसपी को बताया कि आचार संहिता का खुला उल्लंघन हो रहा है, लोगों के घरों पर पार्टी कार्यकर्ता जबर्दस्ती झंडे लगा दे रहे हैं और रोकने पर मारपीट कर रहे हैं. एसपी ने कहा है कि सख्त कार्यवाही करने का भरोसा दिलाया है.