उत्तराखंड के उधमसिंह नगर के रुद्रपुर कोतवाली में एक युवक की कोतवाल साहब ने शिकायतकर्ताओं के सामने ही जमकर धुनाई कर दी. अपराधियों पर लगाम कसने में नाकाम उधमसिंहनगर की पुलिस ने आरोपियों को सजा देने के लिए अब खुलेआम मारपीट का रास्ता चुन लिया है. मानवाधिकारों का हनन करते हुए कोतवाल साहब ने अपनी हनक दिखाने के लिए आम पब्लिक के सामने ही आरोपी युवक पर टूट पड़े. उन्होंने पुलिस के पट्टे से युवक को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. युवक दोनों हाथ जोड़कर अपना जुर्म कबूलता रहा लेकिन कोतवाल साहब वर्दी के रौब में वे उसे बेरहमी से मारते रहे.
जब इस पूरे घटनाक्रम को न्यूज24 के पत्रकार ने अपने कैमरे में कैद किया तो कोतवाल साहब का पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया. वे ये भी भूल गए कि मीडिया के साथ किस तरह से पेश आना चाहिए. वे मीडियाकर्मियों पर ही भड़क उठे. उन्होंने मीडिया के ही कोतवाली में प्रवेश करने पर पाबंदी लगा दी. जबकि मीडियाकर्मियों ने सिर्फ उनके मानवाधिकार हनने करने की विजुअल बनाने के अलावा ऐसा कोई काम नहीं किया, जिसे गलत कहा जाए.
कोतवाल उक्त युवक की पिटाई इसलिए कर रहे थे कि एक युवती ने उसके खिलाफ छेड़ने की शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद ही कोतवाल साहब नियम कानून की धज्जियां उड़ाते हुए उक्त युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी. मीडियाकर्मियों के कोतवाली में घुसने पर रोक लगाए जाने से पत्रकारों में नाराजगी है, वे जल्द ही पुलिस विभाग के आला अधिकारियों से कोतवाल की शिकायत करने की तैयारी कर रहे हैं.






