भुवनेश्वर : लाइव इंडिया न्यूज चैनल, अखबार, पत्रिका संचालित करने वाले समूह समृद्ध जीवन परिवार की कोआपरेटिव सोसाइटी, के दो वरिष्ठ अधिकारियों को नकली नोटों का रैकेट चलाने के शक में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने समृद्ध जीवन के कैशियर के पास से पांच-पांच सौ के 57 नकली नोट बरामद किये गए हैं. ये नकली नोट लेकर समृद्ध जीवन समूह का कैशियर स्टेट बैंक में जमा करने गया था जहां स्टेट बैंक के कर्मचारी ने नकली नोट पहचान लिए.
गुरूवार को समृद्ध जीवन का एजेन्ट 49110 रूपये स्टेट बैंक में जमा करने गया था जिसमें 28500 रूपये नकली पाये गये. सभी नोट 500 के थे. बैंक द्वारा भारी मात्रा में नकली नोट की सूचना पुलिस को दी गई जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए समृद्ध जीवन कोआपरेटिव सोसाइटी के कैशियर और ब्रांच मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया गया है.
पुलिस को शक है कि कोआपरेटिव सोसाइटी के माध्यम से नकली नोटों का धंधा चल रहा है. पुलिस अधिकारी तारिक अहमद ने कहा कि हम पकड़े गये लोगों से पूछताछ कर रहे हैं. नकली नोट कहां से आ रहे हैं और इन्हें किस तरह फैलाया जा रहा है इसकी जांच की जा रही है. प्रथमदृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अधिकारी नकली नोटों के प्रचालन में संलिप्त हैं.
समृद्ध जीवन परिवार के द्वारा जनता से गलत तरीके से पैसे उगाहने को लेकर पहले से ही सेबी की जांच चल रही है. जांच में कम्पनी के खातों में कई विसंगतियां पाई गई हैं. सेबी ने कम्पनी पर निवेशकों और जनता से पैसे उगाहने पर रोक लगा दी है और साथ ही जनता से उठाये गए पैसों से बनाई गई किसी भी सम्पत्ति के क्रय विक्रय पर रोक लगा दी है. समृद्ध जीवन एक चिट फंड कम्पनी है जो हाल के दिनों में बड़े पैमाने पर मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हुई है.