: कानाफूसी : रांची सन्मार्ग के संपादक को बदले जाने के कयास लगाए जा रहे हैं. इसके पीछे कारण है संपादकजी का एडिटोरियल छोड़कर प्रबंधन के अन्य किसी काम में सहयोग करने से इनकार. अभी डायरेक्टर प्रेम लगातार इवेंट कराने के प्रयास में हैं. जबकि संपादक बैजनाथ मिश्र ने इसमें किसी तरह का सहयोग करने से स्पष्ट इनकार कर दिया हैं. खांटी पत्रकार बैजनाथ को डायरेक्टर को उनके मुंह पर नकारात्मक जवाब देने और उनकी खुली आलोचना करने में उन्हें कोई संकोच नहीं हो रहा है.
अभी २ मार्च को प्रकाशन समूह ने मुशायरा कराया था जिसके कोष संग्रह में बैजनाथ मिश्र ने कोई सहयोग नहीं किया था. अब २२ मार्च को मनोज तिवारी नाइट की तैयारी हो रही है. संपादक जी इसमें भी दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं. कुछ दिनों तक उन्होंने रिपोर्टरों की मीटिंग भी बंद करा दी थी. इस बीच न्यूज़ एडिटर ओम रंजन मालवीय को तीन माह संस्थान से अलग रहने के बाद वापस बुलाया गया है. इधर डिप्टी न्यूज़ एडिटर उपेंद्र पांडेय को हटा दिया गया है. अब डायरेक्टर प्रेम बैजनाथ मिश्र की जगह मालवीय जी से सलाह मशविरा कर रहे हैं. चर्चा है कि मालवीय जी को संपादक बनाने और बैजू बाबा से छुटकारा पाने की तैयारी हो रही है. बैजू बाबा को भी इसका आभास है इसीलिए उन्होंने न्यूज़-११ में अपनी गतिविधियां फिर से तेज़ कर दी हैं.






