नई दिल्ली। हरियाणा न्यूज का मालिक गोपाल गोयल कांडा परेशान है। अब उसे डर है कि पता नहीं वो तिहाड़ के बाहर निकल पाएगा भी या नहीं। एयर होस्टेस गीतिका शर्मा के आत्महत्या मामले में उसे आशा थी कि जमानत मिल जाएगी, परन्तु गीतिका की मां अनुराधा के आत्महत्या के बाद वो काफी डर गया है। गीतिका की मां अनुराधा की खुदकुशी के बाद वह आधी रात में घबराकर उठ जाता है और चिल्लाकर पानी मांगने लगता है। कांडा के इस बदले रवैये से संतरी और सुरक्षाकर्मी भी परेशान हैं।
कांडा जेल में मिनरल वॉटर का इस्तेमाल करता है। इन दिनों वह कई बोतल पानी पी जा रहा है। तिहाड़ जेल के सूत्रों के अनुसार, पहले कांडा अपनी जमानत को लेकर आशान्वित था, परन्तु नए मामले से उसकी उम्मीदें बुरी तरह टूट गई हैं। इस वजह से वह जेल में बेचैन है। कांडा इधर कुछ समय से अपनी जमानत के बारे में ज्यादा बातें करता था। परिजन भी मिलने आते तो यही बात होती थी कि जमानत के लिए क्या करना है, लेकिन अनुराधा आत्महत्या कांड के बाद वह सोचकर डरा हुआ है कि पता नहीं अब जमानत मिलेगी या नहीं।






