खंडवा (मध्य प्रदेश) में ब्याज से त्रस्त जनता को ब्याजखोरों के चंगुल से छुड़ाने में मुख्य भूमिका निभाने वाली पत्रकारों की टीम आज उन्हीं ब्याजखोरों के साथ क्रिकेट खेलते नज़र आई. यही नहीं, उनके साथ कई सरकारी अफसरान भी टीम में दिखाई दिए. जो वक़्त अफसरों के दफ्तर में होने और जनता की परेशानियां दूर करने का होता है उस वक़्त वो खेल के रंग में रंगे नज़र आये. हाल ही में खंडवा में एक क्रिकेट टूर्नामेंट में विधायक इलेवन और पत्रकार इलेवन के बीच मैच खेला गया.
इसी मैच में विधायक इलेवन की ओर से एक ऐसे शख्स ने खेला जो पिछले दिनों ब्याज माफियाओं की धरपकड़ में गिरफ्त में आया था. विधायक इलेवन में और भी कई खिलाडी हैं जिन पर कई बार आरोप लगते रहे हैं. बीजेपी प्रवक्ता और पत्रकार सुनील जैन भी क्रिकेट के रंग में रंगे नज़र आये. इस क्रिकेट टूर्नामेंट से कई पत्रकारों को दूर भी रखा गया. क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी यूँ तो अपने दफ्तर में कभी नहीं दिखे पर क्रिकेट टूर्नामेंट्स के हर अवसर पर उन्हें मैच ग्राउंड पर देखा जा सकता है.
विधायक इलेवन की ओर से भाजपा कार्यकर्ता टीम में थे. उसमें पन्ना लाल गुप्ता, दिनेश पालीवाल सहित अन्य लोग थे. पन्ना लाल गुप्ता पर पूर्व में ब्याज माफिया होने के आरोप लगते रहे हैं. बीजेपी प्रवक्ता और पत्रकार सुनील जैन का जवाब था कि जब तक कोर्ट किसी व्यक्ति को आरोपी करार न दे या आरोप सिद्ध न हो जाए उसे सामान्य व्यक्ति ही माना जाएगा. क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने कहा- ''फ्रेंडली मैच था मैं तो यूँ ही पहुँच गया, मुझे विधायक इलेवन की ओर से खेलने को कहा गया था.''
खंडवा से निशात सिद्दीकी की रिपोर्ट.





