चेयरमैन पुष्पेंद्र सिंह बघेल की गिरफ्तारी के बाद खबर भारती के भीतर खलबली है. यहां काम कर रहे पत्रकार तथा गैर पत्रकार मीडियाकर्मियों को अब अपना भविष्य अंधकारमय नजर आने लगा है. अब उन्हें लग रहा है उनकी सैलरी मिलनी भी मुश्किल हो जाएगी. हालांकि चैनल की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रज्ञान भट्टाचार्या इस तरह की किसी भी संभावना से पूरी तरह इनकार करते हुए कहते हैं कि चेयरमैन को झूठे फंसाए जाने से चैनल पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है. सब कुछ स्मूथली चल रहा है.
हालांकि चैनल के चेयरमैन बघेल के अरेस्ट होने के बाद कंपनी के कुछ खाते सील किए जाने की भी कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है. इसलिए अंदेशा जताया जा रहा है कि इसका असर चैनल के संचालन पर भी पड़ सकता है. क्योंकि हर महीने इसे संचालन पर लाखों खर्च होते हैं. चैनल प्रबंधन खबर भारती के विस्तार की योजना भी तैयार कर रहा था. राजस्थान में भी चैनल को ले जाए जाने की योजना थी. माना जा रहा है कि इस पर भी खासा असल पड़ सकता है.
हालांकि प्रज्ञान भट्टाचार्या इस तरह की किसी भी बात से इनकार करते हुए कहते हैं कि चेयरमैन को फर्जी फंसाया गया है, जब कानून अपना काम करेगा तो दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा. कोई भी आर्गेनाइजेशन व्यक्ति विशेष से नहीं चलता, सामूहिक जिम्मेदारियों से चलता है. लिहाजा इस गिरफ्तारी का चैनल पर कोई असर नहीं पड़ेगा. सब कुछ सही तरीके से चल रहा है और चलेगा. हम अपनी विस्तार की योजना पर भी पहले की तरह ही काम कर रहे हैं.