देवरिया : जिले में प्यार के दुश्मन दबंगों ने प्यार करने वाले प्रेमी और प्रेमिका के प्यार पर पहरा लगा दिया और जब देखा कि दोनो नहीं मान रहे है तो गांव में एक पंचायत बुलाई। पंचायत के दौरान गांव वालों के सामने पहले प्रेमी और प्रेमिका की पिटाई की तथा बाद में प्रेमिका की मां को भी दो-चार चाटा मार कर उसे मुंह बन्द करने की हिदायत दी। लेकिन उसके बाद भी जब प्रेमिका और उसकी मां शादी की जिद पर अड़े रहे तो न रहेगा बांस न बजेगी बांसुरी की कहावत चरितार्थ करने के लिए एक दबंग ने प्रेमिका के घर में घुस कर उस पर मिटटी का तेल छिड़क कर उसे आग के हवाले कर दिया।
लगभग 80 प्रतिशत जली हुई प्रेमिका को जिला अस्पताल लाया गया जहां डाक्टरों ने चिन्ताजनक स्थित को देखते हुए उसे गोरखपुर मेडिकल कालेज, गोरखपुर भेज दिया है। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में नामजद एवं कुछ अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर नामजद दो अभियुक्तो को गिरफतार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार श्रीवास्तव ने घटना के बारे में बुधवार को बताया कि जिले के एकौना थाना के करहकोल गांव की अन्जू पुत्री रोधश्याम सिंह और रंजीत पुत्र जयहिन्द सिंह जो दोनो बालिग हैं और आपस में प्यार करते हैं तथा शादी करना चाहते है। प्रेमी के परिजनों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। जिसको लेकर बुधवार को गांव में पंचायत हुई।
जहां शादी की जिद पर अड़ी प्रेमिका की मां को प्रेमी के घर वालों तथा अन्य दबंगो ने मारा पीटा तथा गाली एवं धमकी दी। इसके बाद एक दबंग राम हौसला सिंह तथा कुछ अन्य लोगों ने जबरन प्रेमिका को उसके घर में घुस कर मिटटी का तेल डालकर जला दिया और भाग गए। पुलिस अधीक्षक श्री श्रीवास्तव ने बताया कि एकौना थाने में मुकदमा दर्ज कर नामजद चार में से दो व्यक्तियों को गिरफतार कर लिया गया है और शेष अभियुक्तों की गिरफतारी के लिए दबिश दी जा रही है।





