गाजीपुर के कासिमाबाद से खबर है कि शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिए थाना पुलिस ने बहादुरगंज नगर पंचायत के सभी प्रमुख समाचार पत्रों से जुड़े पत्रकारों पर भी धारा-107/116 की कार्रवाई करते हुए उन्हें पाबंद कर दिया। पाबंद हुए पत्रकारों में अशोक राय, कुतुबुद्दीन खां, मो. यूनुस, राजेश मौर्य, संतोष गुप्त प्रमुख हैं।
इस संबंध में चौकी प्रभारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि थानाध्यक्ष घनश्याममणि त्रिपाठी की तरफ से कार्रवाई हुई होगी, इस बात की जानकारी उन्हीं को होगी। कासिमाबाद एसओ घनश्याममणि का कहना है कि यह मामला पुलिस चौकी क्षेत्र का है, हमें इस संबंध में कुछ मालूम नहीं है। कुल मिलाकर एसओ और चौकी प्रभारी भले ही एक-दूसरे पर कार्रवाई का ठीकरा फोड़ रहे हो, लेकिन पुलिस की इस तरह की कार्रवाई से पत्रकारों में गहरी नाराजगी है। (साभार- अमर उजाला)






