न्यूज चैनलों और अखबारों की ओर से अपनी प्रतिष्ठा और साख को लेकर चाहे जो दावे किए जाते हों, लेकिन गाजीपुर के कुछ पत्रकार पैसों और गिफ्ट के चक्कर में अपनी पैंट तक उतार देने में गुरेज नही कर रहे हैं। ये मजेदार नजारा जनपद के एक आश्रम में होने वाले समारोह के संदर्भ में आयोजित प्रेस वार्ता के बाद नजर आया। मामला कुछ यूं है कि प्रेसवार्ता के बाद जब कुछ पत्रकारों को ये मालूम चला कि आश्रम परिसर के भीतर प्रेस वालों के लिए उपहार और लिफाफे बांटे जा रहे है तो काफी पत्रकार उपहार पाने की उधेड बुन में लग गए।
पर इसमें दिलचस्प तथ्य यह है कि आश्रम के भीतर लोगों को पैंट पायजामे या सलवार पहनकर जाने की सख्त मनाही है, ऐसे में तमाम पत्रकार तो आश्रम के भीतर जाने की बजाय अपने कार्यालय के लिए निकल गए, लेकिन कुछ पत्रकारों ने गिफ्ट और लिफाफे का लोभ नहीं छोड़ा। करीब आधा दर्जन मीडियाकर्मी बेहिचक आश्रम के दरवाजे पर अपनी पैंट और पायजामे उतार कर अन्दर पहुंच ही गए। इस दौरान इन पत्रकारों अपने कैमरे माइक आईडी और नोटबुक किनारे रखी और कमर से नीचे बिना कपड़ों के आश्रम में घुसकर प्रसाद स्वरुप मिठाई, कपडे़ और कई सामानों के साथ-साथ कैश भी प्राप्त किया। जनपद के इन बोल्ड पत्रकारों में जिला पत्रकार संघ के कई पदाधिकारी और चैनलों के संवाददाता जैसे लोग शामिल भी रहे।


गाजीपुर से राकेश पाण्डेय की रिपोर्ट.






