गुवाहाटी। जीएस रोड कांड में एक अन्य पत्रकार पर गाज गिर सकती है। असम अनुसूचित जाति युवा छात्र परिषद, समता सैनिक दल और अखिल असम कृषक कल्याण परिषद ने गुवाहाटी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को आज घटना की सीडी सौंपी। सीडी की कापी कल मीडिया को दी जाएगी। आज यहां गुवाहाटी प्रेस क्लब में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए परिषद के महासचिव नित्यानंद दास, सलाहकार अमरेन्द्र दास तथा अखिल असम कृषक कल्याण परिषद के महासचिव प्रदीप कलिता ने कहा कि जीएस रोड कांड में सरकार पक्षपात कर रही है। घटना में दूसरा पत्रकार भी शामिल था। लेकिन पुलिस उससे नहीं पकड़ रही है।
उन्होंने घटना में शामिल दूसरे पत्रकार का नाम बताने से इनकार करते हुए कहा कि पुलिस को सीडी सौंपने के बाद ही खुलासा किया जाएगा। यह कहने पर कि घटना के 20 दिन बीत जाने के बाद वे क्यों जगे हैं तो कलिता ने कहा कि वह मामले को अपने स्तर से जांचने के साथ यह देखना चाह रहे थे कि पुलिस क्या कर रही है।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि इसी तरह का पक्षपात शिवसागर में सेना के जवानों द्वारा बदसलूकी की शिकार युवती के साथ हो रही है। श्री दास और कलिता ने कहा कि राज्य सरकार अनुसूचित जाति के लोगों के साथ नौकरी और आरक्षण से लेकर सामाजिक सुरक्षा तक में पक्षपात करती है और शिवसागर में युवती के साथ हुई घटना को गंभीरता से इसलिए नहीं ले रही है कि वह अनुसूचित जाति से है। ऐसा ही लक्ष्मी उरांव के साथ भी हुआ था।
गुवाहाटी से नीरज झा की रिपोर्ट.