लखनऊ : लखनऊ की सीबीआई अदालत ने गोंडा में फर्जी एनकाउंटर में डीएसपी केपी सिंह की हत्या के मामले में 3 पूर्व पुलिसकर्मियों को मौत और 5 को उम्र कैद की सजा सुनाई है. केपी सिंह की 31 साल पहले फर्जी एनकाउंटर में हत्या कर दी गई थी. केपी सिंह गोंडा के डीएसपी थे और एसपी ने एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उन्हें माधवपुर भेजा था. लेकिन कुछ पुलिस वालों ने ही ये बात आरोपियों को बता दी और गांव में घुसते ही केपी सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई.
केपी सिंह की मौत को मुठभेड़ दिखाने के लिए पुलिस वालों ने गांव के ही बारह लोगों की भी हत्या कर दी थी. सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने इस मामले की जांच की. 19 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की गई. 10 आरोपियों की मौत सुनवाई के दौरान हो गई जबकि एक को अदालत ने बरी कर दिया. केपी सिंह की बेटी किंजल अभी बहराइच की डीएम हैं. अपने पिता के एनकाउंटर के वक्त वो सिर्फ ढाई महीने की थी. शुक्रवार को 31 साल बाद जब यह फैसला आया तो डीएसपी के पी सिंह की बेटी किंजल की आंखें नम हो गईं. (एबीपी)






