गोण्डा। उप्र0 श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिला तथा तहसील कार्यकारिणी का द्विवार्षिक चुनाव सिंचाई विभाग सभागार में सम्पन्न हुआ, जिसमें भारी मतों के अन्तर से कैलाश वर्मा जिलाध्यक्ष तथा जानकी शरण द्विवेदी महामंत्री निर्वाचित घोषित किए गए। चुनाव अधिकारी कमर अब्बास ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यूनियन के जिला कार्यकारिणी तथा सभी चार तहसील इकाइयों के लिए चुनाव सम्पन्न हुआ। जिला कार्यकारिणी के लिए 159 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। गुप्त मतदान प्रक्रिया के तहत कराए गए मतदान में जिलाध्यक्ष पद के प्रत्याशी कैलाश वर्मा (प्रसार भारती/पायनियर) को 124 मत मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वन्दी शिव प्रताप शुक्ला (राष्ट्रीय सहारा) को 28 तथा अम्बिकेश्वर पाण्डेय (जी न्यूज) को 06 मत मिले। एक मत अवैध पाया गया।
इसी प्रकार महामंत्री पद के लिए जानकी शरण द्विवेदी (पीटीआई/जनसत्ता) ने 130 मत पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वन्दी एआर उस्मानी को 111 मतों से पराजित किया। उस्मानी को केवल 19 मतों पर संतोष करना पड़ा। 10 मत अवैध पाए गए। जिला उपाध्यक्ष के दो पदों पर तीन प्रत्याशी मैदान में थे। इसमें सर्वाधिक 116 मत पाकर संजय तिवारी (हिन्दुस्तान) तथा 100 मत पाकर सत्य गोपाल तिवारी (राष्ट्रीय सहारा) निर्वाचित घोषित किए गए। अशोक सिंह (दैनिक जागरण) 65 मत पाकर पराजित हो गए। एक मत अवैध रहा। इसके साथ ही मनोज श्रीवास्तव (अमर उजाला) व धीरेन्द्र सिंह (पायनियर हिन्दी) संयुक्त मंत्री तथा उमेश प्रताप मिश्र (पायनियर) निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।

इसी प्रकार तहसील तरबगंज में अध्यक्ष मत के लिए हुए मतदान में कुल 64 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमें 49 मत पाकर राकेश सिंह (हिन्दुस्तान) ने अपने निकटतम प्रतिद्वन्दी प्रदीप गुप्ता (आश्चर्य चकित) को भारी मतों के अन्तर से पराजित किया। तरबगंज तहसील के अन्य सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन सम्पन्न हुआ, जिसमें उपाध्यक्ष पद पर विजय कुमार शुक्ला (दैनिक जागरण), मंत्री पद पर रघुबर दयाल तिवारी (राष्ट्रीय सहारा), संयुक्त मंत्री पद पर संजय प्रजापति (आज) व कोषाध्यक्ष पद पर गनी मोहम्मद (दैनिक जागरण) निर्वाचित घोषित किए गए।
गोण्डा सदर तहसील में अरविन्द शुक्ला (हिन्दुस्तान) अध्यक्ष, कृष्ण कुमार यादव (स्वतंत्र भारत) मंत्री व हनीफ सिद्दीकी (हिन्दुस्तान) निर्विरोध कोषाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए। कर्नलगंज तहसील में श्याम प्रकाश तिवारी (पायनियर) अध्यक्ष, लखन लाल शुक्ल (पायनियर) उपाध्यक्ष, चन्द्र प्रकाश तिवारी (हिन्दुस्तान) मंत्री, श्रीनाथ रस्तोगी (राष्ट्रीय सहारा) संयुक्त मंत्री तथा सूर्य प्रकाश शुक्ला (दैनिक जागरण) निर्विरोध कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। मनकापुर तहसील में दिनेश पाण्डेय (हिन्दुस्तान) निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए। तहसील कार्यसमिति में रिक्त पदों पर शीघ्र ही मनोनयन की कार्यवाही पूरी की जाएगी। इस अवसर पर पत्रकार टीपी सिंह, अकील सिद्दीकी, अंचल, अनुराग, रमन, इस्लाम, अजीज, मोहसिन, ननकू, जुबेर सहित सैकड़ों पत्रकार मौजूद रहे।






