गोरखपुर में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति गणेश शंकर पांडेय ने शुक्रवार को प्रेस क्लब गोरखपुर के शपथ ग्रहण समारोह में अध्यक्ष एसपी सिंह, उपाध्यक्ष अजीत कुमार यादव, महामंत्री मनीष कुमार मिश्रा, संयुक्त मंत्री नरेन्द्र तिवारी, कोषाध्यक्ष डा. अरुण कुमार राय, पुस्तकालय मंत्री डीके गुप्ता तथा रवीश कुमार श्रीवास्तव, राजेश पांडेय एवं सर्वेश त्रिपाठी आदि कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके पश्चात अपने संबोधन में गणेश शंकर पांडेय ने कहा कि सामाजिक सुधार में पत्रकारिता के बहुमूल्य योगदान को विस्मृत नहीं किया जा सकता। आज इस पेशे के समक्ष कई चुनौतियां हैं, जिसका सामना मिलकर करना होगा।
उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस हो या अन्य समस्याएं, स्थानीय मीडियाकर्मियों ने मुद्दों को गंभीरता से उठाकर शासन को जगाने का कार्य किया है। इसके लिए मीडियाकर्मी आभार के हकदार हैं। उन्होंने प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए उनकी हर समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करने का आश्र्वासन दिया। मुख्य वक्ता वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. रामदेव शुक्ल ने कहा कि समय के साथ पत्रकारिता में बहुत बदलाव आया है। जरूरत बदलते परिवेश में भी पत्रकारिता के तेवर को बचाए रखने की है।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे कुलपति प्रो. पीसी त्रिवेदी ने कहा कि मीडिया को अपना दायित्व समझते हुए नकारात्मक समाचारों से बचना होगा। पत्रकारों को यह समीक्षा करनी होगी कि क्या सही और क्या गलत है। विशिष्ट अतिथि ब्लाक प्रमुख संघ के पूर्व अध्यक्ष ईश्र्वर चन्द्र जायसवाल रहे। इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन से किया। कार्यक्रम में प्रेसक्लब की ओर से अतिथियों सहित प्रेसक्लब चुनाव में चुनाव अधिकारी रहे राजन राय, ब्रजेन्द्र सिंह एवं अभिनव उपाध्याय को स्मृति चिह्न व अंगवस्त्र भेंट किया गया।
संचालन पूर्व अध्यक्ष सर्वेश दूबे तथा आभार ज्ञापन मनीष मिश्र ने किया। मौके पर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष डा. एसपी त्रिपाठी, पूर्व अध्यक्ष अशोक अज्ञात, डा. आरएन सिंह, पीयूष बंका, मनोज कुमार तिवारी, सुरेश राय, डा. ओपी पांडेय, डा. अनिल राय, डा. शेष नारायण पांडेय, मोहन राव, संतोष गुप्ता, इन्द्रभूषण दूबे, राजू सर्राफ, बसपा नेता दिवेश श्रीवास्तव, कांग्रेस नेत्री काजल निषाद सहित बड़ी संख्या में मीडिया कर्मी उपस्थित थे।





