इनकम टैक्स की टीम ने शुक्रवार को नोएडा एवं ग्रेटर नॉएडा में अथारिटी के अधिकारियों तथा कई बिल्डरों के ठिकानों पर छापे मारे. तमाम अधिकारियों और ठेकेदारों के घरों तथा ऑफिस में एक साथ डाले गए छापे से हड़कम्प मचा हुआ है. आयकर विभाग की टीम ने ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के कार्यालय और यहां के जीएम रविंद्र सिंह समेत ललित विक्रम और एमएस रिजवी के घरों में छापेमारी की. इसके अलावा कसाना बिल्डर्स और डीआर बिल्डर्स के भी कई ठिकानों पर छापे मारे गए हैं. खबर देने तक छापेमारी की कार्रवाई जारी है.
बताया जा रहा है कि इन लोगों पर मायावती सरकार के कार्यकाल के दौरान जमीन आबंटन में भारी घोटाला किए जाने का आरोप है. हालांकि अभी कोई आईटी का कोई अधिकारी अपना मुंह खोलने को तैयार नहीं है, लेकिन खबर है कि टीम को कई ठिकानों से महत्वपूर्ण कागजात हाथ लगे हैं. इन सभी लोगों के कम्प्यूटर एवं अन्य कागजातों को खंगाला जा रहा है.





