: पत्रकार के परिजनों को एक लाख रुपये का अनुदान दिया : उमरिया जिले में 17 एवं 18 फरवरी की दरम्यानी रात पत्रकार चन्द्रिका राय एवं उनके परिवार की नृशंस हत्या के मामले में सोमवार की रात करीब नौ बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मृतक पत्रकार के पैतृक गांव कछरवार पहुंचे. उमरिया कलेक्टर के मोबाइल फोन पर मृतक के छोटे भाई मिथिलेश राय से सीधे बात कर हत्यारों को शीघ्र पकड़ने का भरोसा दिलाया. मुख्यमंत्री ने घटना की तीव्र भर्त्सना करते हुए कहा कि अपराधी चाहे कितना भी रसूखवाला हो उसे बख्शा नहीं जाएगा.
मुख्यमंत्री ने मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए मृतक के भाई मिथिलेश राय को सांत्वना दी और ढांढस बंधाया. उन्होंने कहा कि सक्षम जाँच एजेंसी एसटीएफ़ घटना के सभी पहलुओं की सूक्ष्म जाँच करेगी. हत्या की घटना के दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी. गौरतलब है कि घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने अपनी स्वेच्छानुदान निधि से तत्काल एक लाख रुपये स्वीकृत किये थे. कलेक्टर उमरिया एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्राम कछरवार पहुंच कर मृतक पत्रकार चंद्रिक राय के पिता बालादीन राय एवं मां रमिया बाई को मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत एक लाख रुपये की नगद राशि 19 फरवरी को ही प्रदान कर दी थी.
ज्ञात हो की एक ह्रदय विदारक वारदात में मध्य प्रदेश के उमरिया जिला मुख्यालय में 17 एवं 18 फरवरी की दरम्यानी रात अज्ञात लोगों ने नवभारत के जिला ब्यूरो प्रमुख चन्द्रिका राय उनकी पत्नी दुर्गा राय, पुत्र जलज राय और पुत्री निशा राय की सामूहिक हत्या उनके निवास में कर दी थी. वहीं भोपाल में हत्याकांड की जाँच सीबीआई से कराने की मांग को ख़ारिज करते हुए गृह मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि यह बात तब उठनी चाहिए जब स्थानीय अथवा राज्य की पुलिस असफल हो जाय. एसटीएफ़ और सीआईडी की टीम लगाई गई है.
अखिलेश उपाध्याय की रिपोर्ट.






