दैनिक भास्कर समूह की मैग्ज़ीन डिवीज़न में फीचर एडिटर के रूप में जयपुर में पिछले दो साल से कार्यरत रहे पत्रकार चंडीदत्त शुक्ल अब अहा जिंदगी से विदा हो गए हैं। उन्हें समूह में ही अब नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रबंधन ने उन्हें नवरंग पत्रिका का फीचर एडिटर बना दिया गया है। वे अब मुंबई में बैठेंगे। उन्होंने अपनी नई जिम्मेदारी संभाल ली है। उनकी रिपोर्टिंग भास्कर समूह के मैगजीन डिविजन के संपादक आलोक श्रीवास्तव को होगी। चण्डीदत्त इंटरटेनमेंट में स्पेशल प्रोजेक्ट और स्टोरी पर काम करेंगे।
सूत्रों का कहना है कि नवरंग को मजबूत करने के लिए प्रबंधन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। वे दो साल पहले भास्कर समूह की पत्रिका अहा जिंदगी के साथ इस समूह का हिस्सा बने थे। प्रबंधन ने उनकी क्षमता को देखते हुए ही नवरंग का फीचर एडिटर बनाया है। डेढ़ दशक से हिंदी पत्रकारिता से जुड़े चण्डीदत्त शुक्ल प्रिंट, टेलिविजन, रेडियो और साइबर माध्यमों में कार्य कर चुके हैं। दैनिक जागरण में चण्डीदत्त ने फीचर विभाग से शुरुआत कर हरियाणा प्रदेश प्रभारी और जागरण सिटी दिल्ली के लॉन्चिंग प्रभारी की भूमिका भी निभाई।
इसके अलावा, विभिन्न फीचर सप्लीमेंट्स में लेखन और संपादन की बागडोर भी संभाली। दैनिक जागरण में चीफ सब एडिटर रहे चण्डीदत्त अमर उजाला के पंजाब संस्करण से भी संबद्ध रहे हैं। चण्डीदत्त ने एशिया के पहले वूमेन बेस्ड न्यूज़ एंड करेंट अफेयर्स चैनल फोकस टीवी में एडिटर, स्क्रिप्ट और आउटपुट हिंदी डेस्क के प्रोड्यूसर के रूप में कार्य किया। चण्डीदत्त ने दिल्ली दूरदर्शन के कला परिक्रमा कार्यक्रम के लिए लंबे समय तक लेखन कार्य किया है, वहीं वे एक पोर्टल
चौराहा का संचालन भी कर रहे हैं।
चण्डीदत्त भास्कर समूह से जुड़ने से ऐन पहले स्वाभिमान टाइम्स हिंदी दैनिक की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा थे और यहां वरिष्ठ समाचार संपादक के रूप में कार्यरत थे। यूपी के गोंडा ज़िले के मूल निवासी चण्डीदत्त छात्रजीवन में महाविद्यालयी छात्र राजनीति में सक्रिय रहे और डिग्री कॉलेज छात्रसंघ में पदाधिकारी भी रहे। वे कई टेलीफ़िल्मों, फीचर फ़िल्म घाव प्यार का और सैकड़ों नाटकों, नुक्कड़ प्रस्तुतियों में शामिल हो चुके हैं। इसके अलावा उनकी पहचान एक कवि के रूप में भी है।






