: महीनों से ब्लैक आउट चल रहे हैं समूह के चैनल : पटना कार्यालय पर ताला लगा : महुआ न्यूज लाइन के बाद अब पहले से ही बदहाल चल रहे मतंग सिंह के फोकस टीवी और हमारा टीवी के कर्मचारी भी बगावत पर उतर गए हैं. इन लोगों को मार्च के बाद से सैलरी नहीं मिली है. समूह के सारे चैनल भी लम्बे समय से ब्लैक आउट चल रहे हैं. चैनल क्यों चल रहा है और क्यों चलाया जा रहा है, ये भगवान को भी नहीं पता है. बैंक भी रिकवरी आदेश निकाल चुका है. खबर है कि अब दोनों चैनलों के लगभग सौ कर्मचारी प्रबंधन से वेतन की मांग को लेकर आंदोलन की रणनीति तैयार कर रहे हैं.
आश्वासन देने तथा साम-दाम-दंड-भेद सभी कुछ अपनाने में माहिर मतंग सिंह ने कर्मचारियों से वादा किया है कि ग्यारह अगस्त तक सभी का बकाया वेतन दे दिया जाएगा. कर्मचारी वेतन के साथ अपने पीएफ की भी मांग कर रहे हैं. सूत्रों का कहना है कि पंकज कुमार के नेतृत्व में कर्मचारियों ने अल्टीमेटम दे दिया है कि अगर 11 अगस्त तक भी बकाया वेतन नहीं मिला तो वे आर आर की लडाई लड़ने के लिए तैयार हैं.
गौरतलब है कि इसके पहले भी एक बार सैलरी क्राइसिस को लेकर हमारा एवं फोकस के कर्मचारी बवाल कर चुके हैं. हमारा के सैकड़ों कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफा देकर चैनल को बाय कर दिया था. उस दौरान इसी टीम ने मतंग सिंह के साथ मिलकर चैनल को ऑन एयर रखा था. मतंग ने इन लोगों से तमाम वादे किए परन्तु ज्यादा वादे हवा में ही रह गए. पिछले चार महीने से सैलरी के बिना कर्मचारियों की हालत पतली हो चुकी है. उन्हें ना जीते बन रहा है ना ही मरते.
चैनल लम्बे समय से आर्थिक दुश्वारियों से जूझ रहा है. लोन वसूली के लिए इंडियन ओवरसीज बैंक ने पिछले दिनों रिकवरी नोटिस भी जारी किया था. चैनल के पटना कार्यालय पर भी ताला लग चुका है. आधे कर्मचारियों को पैसा दिया गया आधे लोगों को ऐसे ही टाल दिया गया. अब नोएडा आफिस की बारी है. एचआर ने काम नहीं करने वाले कर्मचारियों से आफिस छोड़ने को कह दिया, परन्तु कर्मचारी इस मांग पर अड़े रहे कि जब तक उन्हें उनका बकाया वेतन तथा पीएफ का पैसा नहीं मिल जाता वे फ्लोर नहीं छोड़ेंगे.
माना जा रहा है कि 11 अगस्त के बाद कर्मचारियों को अगर बकाया पैसा नहीं मिलता वे आंदोलन की राह अख्तियार कर सकते हैं. इस संदर्भ में प्रबंधन से बात करने की कोशिश की गई परन्तु बात नहीं हो पाई. चेयरमैन मतंग सिंह तक अपनी बात पहुंचाने वालों में पंकज कुमार, विकास राज, मनीष राज मासूम, राजेश मिश्रा, सौरभ कुमार समेत कई कर्मचारी शामिल रहे.