पश्चमी दिल्ली के जनकपुरी में शनिवार शाम सुल्तानपुरी के कांग्रेसी विधायक जय किशन आये तो थे हमले में घायल विधायक भारत सिंह को देखने, लेकिन कट गया उनका चालान। विधायक की गाड़ी पर लाल बत्ती लगी थी, साथ नंबर भी गलत तरीके से लिखे थे और ऊपर से काले शीशे, बस फिर क्या था ट्रैफिक पुलिस ने विधायक जी का चालान काट दिया। यह देखकर वहाँ मौजूद मीडियावालों ने कवरेज शुरू कर दी और इस बारे में जब विधायक से सवाल किया तो वे उल्टा बरस पड़े मीडिया वालों पर और उल्टा मीडिया वालों को नसीहत दे डाली।
सुल्तानपुरी के कांग्रेसी विधायक जय किशन ने बड़े-बड़े तुर्रम खान टीवी रिपोर्टरों को धमकी भरे अंदाज़ में खूब खरी-खोटी सुनाई पर किसी तुर्रम खान रिपोर्टर ने विधायक को रोक पाने की हिम्मत नहीं दिखाई। मौके पर लगभग सभी चैनल के रिपोर्टर मौजूद थे। विधायक ने जजों तक को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि कोर्ट ने अभियान चलाया चलाये, पर कोर्ट क्या हरेक काम अच्छे ही करती है? आप देखो ना कोर्ट के कितने जज पकडे जा रहे हैं। करोड़ों रुपये उनसे मिल रहे हैं। मै काले शीशे नहीं हटाऊंगा। जानकारी के मुताबिक विधायक हर महीने खासी रकम पत्रकारों के ऊपर खर्च करते हैं और कई चमचे टाइप पत्रकार इनकी जी हुजूरी में लगे रहते हैं। शायद यही वजह है कि भीड़ में मौजूद एक पत्रकार के अलावा कोई भी विधायक के आगे मुंह खोलने का साहस नहीं कर पाया।





