सिनेमाघरों में रिलीज हो रही फिल्म को टीवी पर भी प्रसारित करने के लिए जल्द ही सेंसर बोर्ड से नयी श्रेणियों के तहत एक अलग प्रमाण-पत्र लेना हो सकता है. अभी के नियम-कायदों के मुताबिक सेंसर बोर्ड सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले फिल्मों को चार श्रेणियों- यू,यूए,ए और एस के तहत प्रमाण-पत्र देता है. लेकिन यदि नए नियम लागू किए गए तो टीवी पर फिल्म प्रसारित करने के लिए नए वर्गीकरण के तहत प्रमाण-पत्र लेना होगा.
सूत्रों ने बताया कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और सेंसर बोर्ड इस बाबत गहन चर्चा कर रहे हैं और इस मामले में फिल्म जगत के लोगों की भी राय ली जा रही है. हालांकि, सूत्रों ने यह भी कहा कि जो फिल्में पहले ही टीवी पर दिखायी जा चुकी हैं उन्हें इस प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा. सिनेमेटोग्राफी कानून में संशोधन पर भी विचार किया जा रहा है.
पिछले साल सोनी टेलीविजन की ओर से विद्या बालन अभिनीत फिल्म ‘डर्टी पिक्चर’ दिखाने के फैसले से पैदा हुए विवाद के बाद इस बाबत विचार-विमर्श का दौर शुरू हुआ है. विवाद पैदा होने के बाद सोनी टीवी पर ‘डर्टी पिक्चर’ दिखाए जाने से पहले इसके कई दृश्यों को काटा गया था. सूत्रों ने कहा कि नए कदम उठाने के बारे में इसलिए सोचा जा रहा है ताकि भविष्य में ऐसे विवाद न हों.





