मुंबई। अब तक दूसरे लोगों के सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की खबर प्रसारित करने वाला एक रिपोर्टर ही कलयुगी सीसीटीवी की नजरों कैद हो गया. इस सीसीटीवी कैमरे ने बॉस यानि न्यूज़ चैनल के एचआर हेड को सारी घटना का उल्लेख भी कर दिया. मामला मुंबई स्थित एक नेशनल चैनल के कार्यालय का है, जहाँ नाईट ड्यूटी के दौरान सीसीटीवी कैमरे ने अपने क्राईम रिपोर्टर को कंप्यूटर का माउस व अन्य सामान चुराते कैमरे में कैद कर लिया.
घटना करीब १० दिन पहले की है. कार्यालय से लगातार नाईट में सामानों के गायब होने की खबर प्रबंधन को मिल रही थी. प्रबंधन ने जब सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, तो पता चला कि सामानों की चोरी और कोई नहीं, बल्कि नाईट रिपोर्टर ही कर रहा है और इसे उठाकर अपने घर ले जा रहा है. आनन-फानन में चैनल ने रिपोर्टर को बाहर का रास्ता दिखा दिया. मामला दोनों के सम्मान से जुड़ा था, इस नाते कोई क़ानूनी कारवाई नहीं की गयी. जब से यह न्यूज छनकर बाहर आई है, शहर का हर मीडिया कर्मी चासनी से निकली ताज़ी जलेबी की तरह मजे ले रहा है.
हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि यह खबर सच नहीं है क्योंकि अव्वल तो जब किसी रिपोर्टर को पता है कि वह सीसीटीवी के दायरे में है तो वह चोरी क्यों करेगा? दूसरे, क्राइम रिपोर्टर को कमाने-खाने के लिए फील्ड में बहुत कुछ पड़ा रहता है तो वह आफिस से माउस टाइप की चीजें क्यों चुराएगा? लोगों का कहना है कि रिपोर्टर की छवि खराब करने के लिए उससे खुन्नस रखने वाले दूसरे लोगों ने उसके बारे में चोरी वाली फर्जी खबर उड़ा दी है. (कानाफूसी)






