दैनिक भास्कर, रायपुर से खबर है कि स्टेट हेड राजीव सिंह ने इस्तीफा दे दिया है. उनकी जगह इंदौर में दैनिक भास्कर के संपादक रहे आनंद पांडेय को स्टेट हेड बनाकर भेजा जा रहा है. प्रबंधन ने अब छत्तीसगढ़ को मध्य प्रदेश से संबद्ध कर दिया है. अब तक छत्तीसगढ़ के नए स्टेट हेड मध्य प्रदेश के हेड नवनीत गुर्जर को रिपोर्ट करेंगे, जबकि इसके पहले छत्तीसगढ़ के स्टेट हेड की रिपोर्टिंग सीधे कल्पेश याज्ञनिक को होती थी.
राजीव सिंह पिछले ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण, आगरा से अपने करियर की शुरुआत करने वाले राजीव सिंह लम्बे समय तक जागरण के साथ जुड़े रहे. दिल्ली-एनसीआर में जागरण के हेड रहे. जागरण से इस्तीफा देने के बाद वे अमर उजाला गये. यहां भी लम्बे समय तक वरिष्ठ पद पर रहे तथा कई एडिशनों की लांचिंग कराई. अमर उजाला से इस्तीफा देने के बाद वे दुबारा दैनिक जागरण से जुड़े. यहां से इस्तीफा देने के बाद वे दैनिक भास्कर से जुड़ गए. भास्कर, लुधियाना की लांचिंग राजीव सिंह के नेतृत्व में हुई. बाद में प्रबंधन ने इन्हें प्रमोट करके छत्तीसगढ़ का स्टेट हेड बना दिया था. पिछले दिनों ही इनका तबादला भोपाल के लिए किया गया था, जिसके बाद इन्होंने इस्तीफा दे दिया. चर्चा है कि राजीव सिंह अमर उजाला ज्वाइन कर सकते हैं.





