हरियाणा में रविवार को हई घटना में एक पत्रकार गुंडागर्दी का शिकार हुआ. सोनीपत की महिला यूनिवर्सिटी में एक छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सुर्खियों में है. इस मामले के बहाने कई राजनीतिक दल और इन राजनीतिक दलों के डमी छात्र संगठन अपनी राजनीति चमकाने में लगे हैं.बस इसी बात पर टाइम्स आफ इंडिया के रोहतक संवाददाता दीपेंद्र देशवाल की नजर पड़ गई. रविवार को यूनिवर्सिटी में आंदोलन के दौरान जमा राजनीतिक दलों के प्रेमियों से ये सवाल पूछने पर राजनीतिक दलों के बिगड़ैल गुर्गों ने दीपेंद्र के कपड़े फाड़ डाले और उस पर हमला बोला. यहां तक की कुछ महिला कार्यकर्ताओं के कंधे पर बंदूक रखते हुए मीडिया विरोधी नारे लगाए.
इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत कर दी गई है. दीपेंद्र का कसूर सुनिए. उन्होंने यूनिवर्सिटी के बाहर जमा हरियाणा के विपक्षी राजनीतिक दल के इनसो नामक छात्र संगठन के नेताओं के सामने सवाल दाग दिया कि क्या कुछ राजनीतिक पार्टियां इस मामले का राजनीतिक लाभ उठाने में नहीं लगी हैं. ये सवाल संवाददाता दीपेंद्र ने इनसो के लीडर कुनाल गहलावत से पूछ लिया. बस ये बात तो उनको ऐसी लगी जैसी जहर में डूबा हुआ तीर या यूं कहें कि सवाल में इतनी जान थी कि महाशय कुनाल और उनके राजनीतिक आकाओं का चेहरा बेनकाब हो रहा था. इतनी बात सुनते ही इनसो कार्यकर्ताओं ने पत्रकार दीपेंद्र की टीशर्ट फाड डाली उनके साथ धक्का मुक्की की. घटना के बाद पूरे हरियाणा के पत्रकारों में रोष है. खुद सीएम के शहर में मीडिया पर ऐसे हमले को लेकर सरकार से सवाल पूछा जा रहा है. सवाल किया जा रहा है हरियाणा के उस प्रमुख विपक्षी दल से जिसके छात्र संगठन के कार्यकर्ता इस संगठन के नाम पर गुंडागर्दी कर रहे हैं.






