नमस्कार मैं आपका नियमित पाठक हूं और एक पत्रकार भी हूं. मैंने करीब 5 माह पहले से जनता टीवी में एक स्ट्रिंगर के तौर पर काम कर रहा हूं. जनता टीवी की तरफ से प्रति न्यूज तीन सौ रुपये देने का वायदा हमारे हरियाणा के मुख्य संवददाता मयंक जोगी ने किया था. और उन के पास जनता टीवी का एग्रीमेंट भी है. मैं उनको पिछले काफी समय से जनता हूं. पर पांच महीने होने को आए आज तक जनता टीवी ने हरियाणा के किसी भी स्ट्रिंगर को एक भी न्यूज़ के पैसे नहीं दिए. क्या ये बात सीधा इस तरफ इशारा नहीं करती कि स्ट्रिंगर जनता को ब्लैक मेल करें और उनका तथा अपना पेट भरें.
आखिर कब तक स्ट्रिंगर घर से पैसे लगा कर न्यूज़ भेजता रहेगा. हरियाणा के करीब 55 स्ट्रिंगरों को पैसे नहीं दिए गए हैं. और हमारे ब्यूरो हेड मयंक जोगी कहते हैं कि किसी ने अगर जनता टीवी के नाम पर एक कप चाय भी पी लिया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी. मयंक जोगी जी को हम सभी भली भांति जानते हैं कि वो टिकाऊ हैं बिकाऊ नहीं. और हमारे सामने मयंक जोगी ने कई बार मालिक को स्ट्रिंगर की पेमेंट के लिए कहा मगर मालिक हमेशा अगले माह की कह कर टाल देते हैं. आखिर कब तक स्ट्रिंगर्स अपने जेब से पैसे लगाते रहेंगे और चैनल वाले फ्री में न्यूज़ डकारते रहेंगे. हमारे ब्यूरो हेड ने जब पैसे मांगे तो उन्हें भी धमकाया गया. कहा गया कि अपने तनख्वाह की चिंता करो, स्ट्रिंगरों से क्या लेना देना है. स्ट्रिंगरों का साथ देना है तो इस्तीफा भेज दो. मयंक जोगी ने जनता टीवी से इस्तीफा दे दिया. अब हम सभी स्ट्रिंगर हरियाणा के सभी जिलों से केस डालेंगे.
लकी शर्मा
इन आरोपों के संदर्भ में जब मयंक जोगी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मेरे पास एग्रीमेंट है. जनता टीवी प्रबंधन की तरफ से प्रति न्यूज तीन सौ रुपये और पैकेज के पांच सौ रुपये देने का वादा किया गया था. टीम ने पूरी मेहनत की परन्तु मैनेजमेंट ने पैसा देने से इनकार कर दिया. हमलोगों पर उपचुनाव के दौरान प्रेशर डाला गया कि सरकार के खिलाफ खबरें चलाएं हमने इनकार कर दिया. उनकी टीम ने आकर इलेक्शन कवर किया. हमसभी लोगों का लगभग आठ लाख रुपये चैनल पर बकाया है. इस संदर्भ में जब जनता टीवी के एमडी गुरविंदर सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल झूठ है. उल्टे हमें डेढ़ लाख रुपये लेने हैं. उन लोगों ने स्पॉट खरीदा था. अब उल्टे गलत आरोप लगा रहे हैं. इस तरह से आरोप लगाकर कोई किसी को बदनाम कर सकता है.






