जनसंदेश टाइम्स, कानपुर से खबर है कि कई पत्रकारों की अप्रैल माह की सेलरी अभी नहीं मिली है. इसके चलते पत्रकार तथा गैर पत्रकार कर्मचारियों का बुरा हाल है. पत्रकारों का कहना है कि ज्यादातर लोगों की सेलरी अभी रुकी हुई है, जबकि प्रबंधन की तरफ से कहा जा रहा है कि अधिकांश लोगों की सैलरी दी जा चुकी है. उन्हीं लोगों के पैसे रोके गए हैं, जिन्होंने अपने कमिटमेंट पूरे नहीं किए हैं. जिन कर्मचारियों की सेलरी नहीं आई है, वे परेशान हैं. इधर उधर से पैसे लेकर काम चला रहे हैं.
हालांकि इन पत्रकारों का कहना है कि इसके पहले सेलरी को लेकर कोई समस्या नहीं आती थी, परन्तु पिछले दो माह से सेलरी को लेकर दिक्कतें आ रही हैं. गौरतलब है कि लगभग डेढ़ साल पहले जनसंदेश टाइम्स की लांचिंग कानपुर में की गई थी. इस संदर्भ में जब जनसंदेश के सीजीएम अनिल पाण्डेय से बात की गई तो उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है. लगभग सभी लोगों की सेलरी बांटी जा चुकी है. केवल उन्हीं लोगों के पैसे रोके गए हैं, जिन्होंने कंपनी के साथ किए गए कमिटमेंट को पूरा नहीं किया है. इनकी संख्या भी बहुत सीमित है.





