उदयपुर। मोहनलाल सुखाडिया विश्वविद्यालय उदयपुर के पत्रकारिता विभाग और लेकसिटी प्रेस क्लब उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय जयकान्त शर्मा स्मृति फोटो प्रतियोगिता के लिए राजस्थान के फोटो पत्रकारों से 15 जुलाई तक प्रविष्ठियां आमन्त्रित की गई है। सुखाडिया विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के प्रभारी डा. कुंजन आचार्य ने बताया कि सुविवि के स्वर्ण जयन्ती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही इस प्रतियोगिता के लिए 1 जुलाई 2011 से 30 जून 2012 के बीच समाचार पत्रों में प्रकाशित छायाचित्रों को प्रविष्ठी के तौर पर भेजा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि फोटो पत्रकार इसके लिए 12 गुणा 15 आकार के मूल फोटो के साथ अखबार में प्रकाशित उक्त फोटो की कतरन संलग्न कर के- लेकसिटी प्रेस क्लब, रैन बसेरा के उदयपुर प्रथम तल, सूचना केन्द्र के सामने, चेतक सर्किल उदयपुर के पते पर डाक द्वारा तथा इसी प्रविष्ठि की एक साफ्ट प्रति [email protected] पर ईमेल कर दे। प्राप्त होने वाली प्रविष्ठियों की एक प्रदर्शनी उदयपुर के सूचना केन्द्र में लगाई जाएगी जहां विशेषज्ञ टीम मूल्यांकन करगी। प्रथम विजेता को 7500, द्वितीय विजेता को 5000 तथा तृतीय स्थान पर रहने वाली प्रविष्ठी को 2100 रुपए नकद पुरस्कार, प्रमाण पत्र तथा स्मृति चिन्ह प्रदान किया जाएगा। यह प्रतियोगिता वरिष्ठ फोटो पत्रकार रहे स्वर्गीय जयकान्त शर्मा की स्मृति में आयोजित की जाती है।
उल्लेखनीय है कि गत वर्ष इसी प्रतियोगिता के अवसर पर सुखाडिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो इन्द्र वर्द्धन त्रिवेदी ने घोषणा की थी कि विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयन्ती वर्ष के उपलक्ष्य में अगले वर्ष यह प्रतियोगिता विश्वविद्यालय आयोजित करेगा। इसी क्रम में हाल ही लेकसिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष अख्तर हुसैन तथा महासचिव मनु राव ने कुलपति के साथ इस सम्बन्ध में चर्चा की थी।





