जयपुर में हड़ताल का कवरेज करने गए फोटो जर्नलिस्ट के साथ कुछ ऑटोरिक्शा चालकों ने मारपीट की. इस हमले में फोटोजर्नलिस्ट घायल हो गया. उसके हाथ में चोट आई है. इस संबंध में फोटो जर्नलिस्ट ने तीन ऑटोचालकों के खिलाफ मोती डूंगरी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है. पुलिस ने अभी तक किसी आरोपी को अरेस्ट नहीं किया है.
पुलिस ने बताया कि दोपहर 1 बजे जेकेलॉन अस्पताल के पास कुछ ऑटोरिक्शा चालक बच्चों को ऑटो से उतार रहे थे. इसी दौरान फोटो जर्नलिस्ट फोटो खिंचने लगा. जिस पर फोटो लेने का ऑटो चालकों ने विरोध किया. इनमें से एक ऑटोचालक ने उन पर पत्थर मार दिया, जिससे फोटोजर्नलिस्ट के हाथ पर चोट आई है. फोटो जर्नलिस्ट ने जब पत्थर मारने का विरोध किया तो कुछ ऑटो चालक उससे मारपीट करने लगे. कुछ अन्य लोगों ने बीच बचाव किया, तब फोटो जर्नलिस्ट ने पुलिस से इस मामले की शिकायत की.






