यूपी के सुल्तानपुर जिले से समाचार है कि जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन करने वाले एक प्रत्याशी ने किसी खबर को लेकर दैनिक जागरण कार्यालय को घेर लिया तथा अपना विरोध दर्ज कराया. आरोप है कि उसने जागरण कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी. जागरण के कर्मचारियों की तरफ से इस मामले में नगर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जागरण कर्मचारियों का आरोप है कि सुल्तानपुर के वार्ड नम्बर 23 से उपचुनाव के लिए पर्चा दाखिल करने वाले कुड़वार थाना के सोहगौली गांव निवासी देवी प्रसाद तिवारी के पुत्र अखिलेश तिवारी अपने साथियों के साथ दैनिक जागरण कार्यालय पहुंचे तथा कार्यालय में मौजूद पत्रकारों को अपने घेरे में लेते हुए धमकाया कि अगर उनके हिसाब से खबर नहीं प्रकाशित होगी तो ठीक नहीं होगा. जागरणकर्मियों के इनकार करने उन्होंने असलहा निकालकर जान से मारने की धमकी दी.
कर्मचारियों का कहना है कि जब उन लोगों ने पुलिस को फोन किया तो सभी आरोपी अपने वाहन से भाग खड़े हुए. एसपी अलंकृता सिंह के निर्देश पर कोतवाल जितेंद्र गिरी ने मौके का मुआयना किया. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है. दूसरी तरफ कहा जा रहा है कि पूरा मामला पेड न्यूज को लेकर था, जिससे दोनों पक्षों में बात बिगड़ गई और जागरण कर्मचारियों ने कोतवाली में मामला दर्ज करा दिया. सूत्रों के मुताबिक जागरण के लोग प्रत्याशी अखिलेश तिवारी से पेड न्यूज हेतु पैकेज की डिमांड कर रहे थे जिससे तिवारी ने इनकार किया. इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ता गया जिसकी परिणति पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने तक जा पहुंची.





