अभी तक जागरण से जुड़े लोग ब्लैकमेलिंग या पैसे लेकर खबर ना छापने के आरोपों से ही घिरे थे, लेकिन जागरण के पत्रकार गोली भी मारने लगे हैं. घटना रामपुर जिले के शाहाबाद तहसील की है. दैनिक जागरण के स्थानीय रिपोर्टर अखिलेश रस्तोगी ने किसी बात से नाराज होकर हिंदुस्तान के रिपोर्टर अंकित गुप्ता को गोली मार दी. गोली अंकित के जबड़े में लगी है. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी पत्रकार को अरेस्ट कर लिया है.
जानकारी के अनुसार दैनिक जागरण के रिपोर्टर अखिलेश रस्तोगी तथा हिंदुस्तान के रिपोर्टर अंकित गुप्ता एक शादी में गए हुए थे. यहीं पर इन लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि जागरण का पत्रकार अखिलेश इतना उत्तेजित हो गया कि उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर हिंदुस्तान के रिपोर्टर अंकित को गोली मार दी. गोली चलते ही मौके पर अफरातफरी मच गई.
आनन फानन में लोगों ने अंकित को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन डाक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए उसे मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया. अंकित को मुरादाबाद के कोठीवाल डेंटल कालेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. अस्पताल में हिंदुस्तान के लोग जमे हुए हैं. बताया जा रहा है कि अंकित के परिजनों की तरफ से दी गई तहरीर पर पुलिस ने जानलेवा हमला का मामला दर्ज करते हुए अखिलेश को अरेस्ट कर लिया है.






