: तीन ने प्रभात खबर ज्वाइन किया : दैनिक जागरण, बेतिया से हटाए गए ब्यूरोचीफ संजय उपाध्याय समेत कई लोगों को प्रबंधन ने बहाल कर दिया है, जबकि कुछ ने प्रभात खबर ज्वाइन कर लिया है. प्रबंधन के कुछ खास लोगों ने अपनी टीम को सेट करने के लिए संजय समेत पूरी टीम को सस्पेंड कर दिया था. इनलोगों पर आरोप लगाया गया था शराब माफिया से मिली भगत का. पर जब इसकी पड़ताल की गई तो मामला सामने आया कि शराब माफियाओं के खिलाफ खबरें छापने के चलते बेतिया में उनकी पूरी टीम को सस्पेंड किया गया.
चर्चाएं तो यहां तक रहीं कि इस टीम को हटवाने के लिए शराब माफियाओं ने लाखों की डील संपादकीय के वरिष्ठ लोगों से की थी. कुछ पुराने व स्थानीय पत्रकार इसमें बिचौलिया की भूमिका निभा रहे थे. अब खबर है कि प्रबंधन ने ब्यूरोचीफ संजय उपाध्याय को पटना बुला लिया है. अब वे पटना में अपनी सेवाएं देंगे. करुणेश, शशि मिश्रा एवं राजेंद्र तिवारी को वापस बेतिया में बुला लिया गया है. ये तीनों लोग मृत्युंजय भारद्वाद एवं मधुकर मिश्रा के करीबी माने जाते हैं.
सस्पेंड किए गए केके मिश्रा, अजीत दुबे मुन्ना मिश्रा ने बेतिया में ही प्रभात खबर ज्वाइन कर लिया है. जागरण ने ऑफिस ब्वॉय मधुसूदन को भी सस्पेंड कर दिया था. उसे भी प्रभात खबर के कार्यालय में देखा जा रहा है. हालांकि यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि उसने ज्वाइन किया है या नहीं. सूत्रों का कहना है कि इन लोगों को भी प्रबंधन वापस लेने को तैयार था, परन्तु अपने साथ हुए व्यवहार से ये लोग नाराज थे, इसलिए इनकार कर दिया. बताया जा रहा है कि पूरी टीम को हटा दिए जाने से अखबार का काम काफी प्रभावित हो रहा है. प्रबंधन डैमेज कंट्रोल करने में लगा हुआ है.
दैनिक जागरण, बेतिया की खबरों को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर सकते हैं – जागरण, बेतिया में उठा-पटक






