जागरण प्रबंधन ने नईदुनिया का नेशनल संस्करण लांच कर दिया है. इसके लिए काफी समय से तैयारियां चल रही थीं. शनिवार को इस अखबार को दिल्ली तथा एनसीआर के बाजार में फिर से उतार दिया गया, परन्तु इस बार बदलाव यह रहा कि पिछली बार इसके मालिक विनय छजलानी थे तो इस बार इसका स्वामित्व दैनिक जागरण के पास है. माना जा रहा है कि नईदुनिया के लांच होने के बाद नेशनल दुनिया को भी इसका झटका लगेगा.
लगभग दस महीने बाद लांच हुए नई दुनिया ने शुरुआत 14 पेजों के साथ की है. अगर इसे बेहतर रिस्पांस मिला तो अखबार के पेजों की संख्या बढ़ाई जा सकती है. नईदुनिया को जमे जमाए जागरण समूह का भी पूरा लाभ मिल रहा है. अखबार को लांच करने के लिए नईदुनिया को अधिक मेहनत नहीं करनी पड़ी है. इसके साथ ही दिल्ली में जागरण समूह के दैनिक जागरण तथा नईदुनिया के राष्ट्रीय एडिशन हो गए हैं. दिल्ली में नई दुनिया की जिम्मेदारी वरिष्ठ पत्रकार सुरेश बाफना तथा उनकी छोटी सी टीम के पास है.
नईदुनिया का ज्यादातर कंटेंट-लेआउट इंदौर से तैयार होकर आया है. स्थानीय खबरों के कुछ पेज नोएडा से बने हैं. अखबार का प्रकाशन जागरण के नोएडा से प्रिंटिंग यूनिट से किया गया है. अखबार के प्रधान संपादक श्रवण गर्ग ने बताया था कि अखबार अखबार दिल्ली में मौजूद मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के अलावा इन राज्यों से जुड़े गुजरात, महाराष्ट्र तथा राजस्थान के लोगों को उनके राज्यों की स्तरीय खबरें उपलब्ध करवाएगा. दिल्ली में यह जाना पहचाना नाम है, लिहाजा हमें अतिरिक्त मेहतन करने की जरूरत भी नहीं है.