जी न्यूज प्रबंधन कांग्रेसी सांसद नवीन जिंदल से बुरी तरह नाराज है. नवीन ने ही जी न्यूज के ब्लैकमेल करने का स्टिंग सबके सामने रखते हुए समूह के दो संपादकों एवं मालिक सुभाष चंद्रा एवं उनके पुत्र पुनीत गोयनका के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. इसमें जी न्यूज और सुभाष चंद्रा की तो जमकर किरकिरी हुई ही, सुधीर चौधरी तथा समीर आहलूवालिया को जेल भी जाना पड़ा था. कोर्ट में भी दोनों ब्लैकमेलर संपादकों की कई अर्जियां भी खारिज हुईं. यानी जी समूह और उसके संपादकों को कई मोर्चे पर नवीन जिंदल से मात खानी पड़ी है.
अब खबर है कि नवीन जिंदल को गृह मंत्रालय की संसदीय समिति से हटाने के लिए जी न्यूज प्रबंधन ने कमर कस लिया है. इसके पहले भी जी न्यूज प्रबंधन नवीन जिंदल को इस समिति से हटाने की मांग कर चुका है. जी न्यूज का आरोप है कि गृहमंत्रालय की संसदीय समिति में नवीन जिंदल के होने से जांच प्रभावित हो रही है. ब्लैकमेलिंग के मामले की निष्पक्ष जांच होने के लिए नवीन जिंदल का इस समिति से बाहर होना आवश्यक है.
नवीन जिंदल को इस समिति से हटाने के लिए एड़ी चोटी का जो लगाया जा रहा है. इसके लिए जी न्यूज प्रबंधन ने अपने रिपोर्टरों को लगाया है. नवीन जिंदल को समिति से हटाने के लिए सांसदों से हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं. इसकी जिम्मेदारी रिपोर्टरों को सौंपी गई है. प्रबंधन के आदेश के बाद रिपोर्टर सांसदों से साइन कराने के अभियान में जुटे हुए हैं. अब देखना है कि जी न्यूज प्रबंधन का यह अभियान कितना काम आता है और रिपोर्टर कितने सांसदों का हस्ताक्षर कराकर प्रबंधन को सौंपते हैं.






