जीएनएन न्यूज से खबर है कि अमिताभ भट्टाचार्य फिर से न्यूज चैनल बाहर हो गए हैं. वे कंसल्टेंट एडिटर के रूप में काम कर रहे थे. खबर है कि उन्होंने कल ही अपना इस्तीफा संस्थान को सौंप दिया है. जीएनएन के साथ यह उनकी दूसरी पारी थी, जो पहली पारी से काफी छोटी रही. पिछले तीन दशक से सक्रिय अमिताभ इससे पहले कोलकत्ता के आर प्लस चैनल में वरिष्ठ पद पर काम कर रहे थे. पिछली बार भी उन्होंने विषम परिस्थितियों में चैनल को अलविदा कहा था.
अपने लांचिंग के समय से ही चैनल हेडों को बदलने के लिए कुख्यात इस चैनल एक बार फिर कमाल दिखाया है. चिटफंडिया ग्रुप के इस चैनल के शुरुआती हेड अमिताभ ही बनाए गए थे. परन्तु मालिकों से कुछ असहमति होने के बाद इन्होंने इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद सीईओ बनाकर राघवेश अस्थाना को लाया गया. इसके बाद शिव कुमार राय को चैनल हेड बनाकर लाया गया, परन्तु दोनों लोग इस चैनल से जुड़े नहीं रह पाए. पहले शिव कुमार राय गए फिर राघवेश अस्थाना भी चैनल छोड़कर चले गए. अपनी लुटिया डूबती देख प्रबंधन ने अमिताभ भट्टाचार्य को दुबारा कंसल्टिंग एडिटर बनाकर चैनल ज्वाइन कराया, पर एक बार फिर पुरानी कहानी दुहरा दी गई है. अब नया हेड कौन होगा अभी पता नहीं चल पाया है. इस संदर्भ में अमिताभ भट्टाचार्य से संपर्क करने की कोशिश की गई परन्तु उनसे बात नहीं हो पाई.






