नई दिल्ली : कोल ब्लाक आवंटन घोटाले में कांग्रेस सांसद नवीन जिंदल से जुड़ी खबर न प्रसारित करने की ऐवज में जिदंल की कंपनी जिंदल स्टील से 100 करोड़ रुपये मांगने के आरोपों में फंसे जी ग्रुप के चेयरमैन सुभाष चंद्रा, जी न्यूज के संपादक सुधीर चौधरी और बिजनेस हेड समीर आहलुवालिया के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली पुलिस को केस की स्टेटस रिपोर्ट दायर करने को कहा है। हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सुनील गौड़ ने मामले में पुलिस को चार सप्ताह में अपनी रिपोर्ट अदालत के समक्ष पेश करने को कहा है। अब इस मामले की सुनवाई 27 मार्च को होगी।
पेश मामले में जी न्यूज के संपादक सुधीर चौधरी ने निचली अदालत के एक फैसले के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की थी। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने पुलिस को यह निर्देश जारी किए हैं। हाईकोर्ट ने मामले में निचली अदालत की भी खिंचाई करते हुए कहा कि जब पुलिस इस मामले में चार्जशीट दायर कर चुकी है तो उन्होंने अभी तक उस पर संज्ञान क्यों नहीं लिया है। उल्लेखनीय है कि पिछले साल पुलिस ने जी ग्रुप चेयरमैन व जी न्यूज संपादकों के खिलाफ जिंदल स्टील की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया था। शिकायत में जी न्यूज संपादकों पर गलत खबरें प्रसारित कर 100 करोड़ रुपये की उगाही करने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने इस मामले में अदालत में चार्जशीट भी दायर की थी।






