मुंबई : महाराष्ट्र सरकार ने वरिष्ठ पत्रकार ज्योतिर्मय डे हत्याकांड में 11 आरोपियों के खिलाफ मामला लड़ने के लिए विशेष सरकारी अभियोजक की नियुक्ति की है। सूत्रों ने कहा कि राजा ठाकरे मामले में विशेष सरकारी अभियोजक नियुक्त किए गए हैं। उनकी नियुक्ति से संबंधित अधिसूचना आज जारी कर दी गयी है। डे को 11 जून, 2011 को पवई इलाके में कथित तौर पर अपराध जगत के सरगना छोटा राजन से जुड़े तीन हमलावरों ने दिनदहाड़े गोली मार दी थी जिससे उनकी मृत्यु हो गयी।
अपराध शाखा ने मामले में 10 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है और मामले में 11वीं आरोपी पत्रकार जिग्ना वोरा के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दाखिल किया जाना है। ठाकरे 11 जुलाई, 2006 के सिलसिलेवार ट्रेन विस्फोट मामले, गैंगस्टर से नेता बने अरुण गवली के खिलाफ हत्या के मामले समेत अनेक मामलों में भी विशेष सरकारी अभियोजक हैं।





