दलित-पिछड़ों की आवाज को उपर तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर चलने वाली मासिक पत्रिका 'दलित दस्तक' की भव्य लांचिंग रविवार को हुई. गांधी शांति प्रतिष्ठान में आयोजित लांचिंग समारोह में पत्रकारिता से जुड़ी कई नामचीन हस्तियां पहुंचीं. सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में दलित-पिछड़ा हित के संघर्ष को मंच देने का वादा किया गया. पत्रिका के संपादक-प्रकाशक अशोक दास हैं. अशोक दास पिछले छह सालों से पत्रकारिता करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं.
पत्रिका के संपादक अशोक दास ने लांचिंग के दौरान बताया कि पत्रिका में हर विषय को जगह देने की कोशिश की गई है. राजनीति, शिक्षा, लाइफ स्टाइल, समस्या जैसे परम्परागत विषयों के साथ फेसबुक के लिए भी कुछ पन्ने तय किए गए हैं ताकि इन होने वाले विमर्शों को भी स्थान दिया जा सके. मेहमान लेखकों के लिए भी जगह निर्धारित किया गया है ताकि लोग अपनी बात रख सकें. 'दलित दस्तक' पत्रिका के संपादकीय मंडल में अवैतनिक रूप से वरिष्ठ पत्रकार रवीश कुमार, दिलीप मण्डल, जय प्रकाश कर्दम, अनीता भारती, सुशील कुमार, नीतिन नेतराम, सुनील कुमार सुमन व प्रो. विवेक कुमार शामिल हैं. पत्रिका की कीमत 20 रुपये है. सालाना सब्शक्रिप्शन 250 रुपये निर्धारित किया गया है.






