जौनपुर : जौनपुर में पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले सिपाही को निलंबित कर दिय गया है. पत्रकारों को इसकी जानकारी डीआईजी जीआरपी लालजी शुक्ल ने पत्रकारों को फोन से वार्ता के दौरान दी. इस मामले को लेकर पत्रकार संघ की बैठक अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित संघ भवन में हुई. श्री सिंह ने मोबाइल द्वारा डीआईजी लालजी शुक्ल से वार्ता कर जौनपुर जंक्शन पर सोमवार को रेल राज्यमंत्री अधीर रंजन चौधरी के कार्यक्रम की कवरेज करने गए पत्रकारों से जीआरपी के सिपाही द्वारा दुर्व्यवहार की जानकारी दी.
उन्होंने आरोपी सिपाही के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की. डीआईजी शुक्ल ने मुगलसराय थाने में तैनात दुर्व्यवहार के आरोपी सिपाही महेंद्र यादव के निलंबन की जानकारी देते हुए कहा कि जांचोपरांत उसके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी. पत्रकारों ने इस मुद्दे पर सदर विधायक की चुप्पी पर आक्रोश जताते हुए इस संबंध में उन्हें पत्र लिखने का निर्णय लिया. इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र सिंह, शशि मोहन सिंह क्षेम, आईबी सिंह, विनोद पांडेय, लोलारक दुबे, कपिल देव मौर्य, राजकुमार सिंह, अखिलेश तिवारी, शशिराज सिन्हा, मधुकर तिवारी, राजेश श्रीवास्तव, आरिफ हुसैनी आदि मौजूद रहे. संचालन महामंत्री हसनैन कमर दीपू ने किया.






