जिस दुर्गेश चौरसिया पर लखनऊ के पत्रकार हेमंत तिवारी को पीटने का आरोप लगा है, उसने खुद को पाक-साफ बताया है. दुर्गेश ने भड़ास4मीडिया को फोन कर अपना पक्ष रखा. दुर्गेश के मुताबिक उस रात हेमंत तिवारी ने इतनी ज्यादा पी रखी थी कि वे बोल नहीं पा रहे थे. उनके ड्राइवर ने जब गाड़ी बैक की तो उसे हम लोगों ने सावधान किया कि पीछे हम लोगों की गाड़ी है, देखकर बैक करें ताकि टक्कर न हो जाए. लेकिन ड्राइवर ने जानबूझ कर गाड़ी बैक करते हुए हम लोगों की गाड़ी में टक्कर मार दी. जब इस पर हम लोगों ने विरोध जताया तो हेमंत के ड्राइवर ने कहा कि अभी तो गाड़ी पर टक्कर मारी है, अब तुम्हें मारेंगे. इस तरह झगड़े की शुरुआत हुई.
हम लोगों ने खुद को गाली देने का विरोध किया. तब हेमंत तिवारी के लोग ज्यादा भड़क गए. कोई सहारा के देवकीनंदन भी हेमंत के साथ थे. इन लोगों ने कई बड़े बड़े लोगों को फोन करना शुरू किया. इस पर हम लोग वहां से भागने लगे. एक पुलिस वाले ने हाथ देकर रोकना चाहा पर डर के कारण हम लोग बाएं मुंड़कर भाग गए. इसी घटनाक्रम को रंग देकर और बढ़ा चढ़ाकर प्रकाशित कराया गया. दुर्गेश चौरसिया ने और क्या क्या बातें बताईं, यह जानने के लिए नीचे दिए गए आडियो टेप को सुनें. दुर्गेश का कहना है कि पुलिस बिना वजह उसके पापा को परेशान कर रही है और हजरतगंज थाने में बिठा दिया है. पुलिस ने घर पर जाकर काफी तोड़फोड़ की है और गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया है. दुर्गेश के मुताबिक उसने कोई गलती नहीं की और न ही कोई मारपीट की. फिर भी वह माफी मांगने और समझौता करने को तैयार है. दुर्गेश से बातचीत का पूरा ब्योरा इस टेप में है…. सुनने से पहले आडियो प्लेयर का वाल्यूम फुल कर लें…
इस प्रकरण से संबंधित अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें- हेमंत पर हमला प्रकरण





