झारखंड से सूचना है कि सूचना आयुक्त पद पर राजेश श्रीवास्तव, पीआर दास और हिमांशु चौधरी की नियुक्ति को मंजूरी दे दी गई है। अगले कुछ दिनों में राज्यपाल डा. सैयद अहमद के हस्ताक्षर से राजभवन की तरफ से आदेश जारी कर दिया जाएगा। राज्यपाल के प्रधान सचिव आदित्य स्वरूप ने इस घटनाक्रम की पुष्टि की है।
मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, खाद्य आपूर्ति मंत्री मथुरा महतो तथा नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र प्रसाद सिंह की त्रिसदस्यीय चयन समिति ने उक्त नामों की अनुशंसा की थी। कार्मिक विभाग ने निगरानी से क्लियरेंस मिलने के बाद इन नामों पर राज्यपाल की स्वीकृति के लिए फाइल राजभवन भेजी।
सर्वोच्च न्यायालय के एक आदेश के बाद राज्यपाल ने मामले में महाधिवक्ता से विधि परामर्श के बाद 4 अक्टूबर को संबंधित फाइल सरकार को वापस लौटा दी। बाद में सरकार ने विधि परामर्श लेकर दोबारा फाइल राजभवन को भेजी। दूसरी बार राज्यपाल ने अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी।





