मुंबई से सूचना है कि टीआरपी न आने से कॉमेडियन सुनील ग्रोवर का स्टार प्लस पर प्रसारित होने वाला कॉमेडी शो 'मैड इन इंडिया' जल्द ही बंद होगा. कमजोर टीआरपी की वजह से चैनल इस शो को तय वक्त से पहले ही खत्म कर देगा. सूत्रों ने बताया कि मैड इन इंडिया के 28 एपिसोड आने थे लेकिन अब इसे 13 एपिसोड पूरे होने पर ही खत्म किया जाएगा.
शो बंद होने की चर्चाओं पर सुनील ग्रोवर का कहना है कि 'मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता. मैं सिर्फ अपना काम करता हूं. मेरा काम शूट करना है.'
ज्ञात हो कि मैड इन इंडिया की शुरुआत फरवरी में हुई थी. चर्चा है कि एक म्यूजिक शो मैड इन इंडिय की जगह ले सकता है. सूत्रों का कहना है कि इस म्यूजिक शो में यो यो हनी सिंह जज के तौर पर नजर आएंगे. खैर, सुनील ग्रोवर का कपिल शर्मा के शो कॉमेडी नाइट्स विद कपिल को टक्कर देने का सपना अधूरा ही रह गया.
कपिल शर्मा के शो 'कॉमेडी नाइट विथ कपिल' को टक्कर देने में नाकाम शो 'मैड इन इंडिया' को बड़ा झटका भी लग चुका है. इसके होस्ट मनीष पॉल ने शो को अलविदा कह दिया है. शो के साथ मनीष का कॉन्ट्रेक्ट 31 मार्च को खत्म हो रहा है. बताया जाता है कि मनीष शो की स्क्रिप्टिंग से खुश नहीं थे. चर्चा ये भी है कि शो की खराब टीवी रेटिंग और लोकप्रियता न मिलने को देखते हुए उन्होंने ये फैसला लिया है.






