लखनऊ : एक डाक्यूमेंट्री की शूटिंग के सिलसिले में राजधानी आये नेशनल डेयरी बोर्ड के फोटोग्राफर का शव गुरुवार को गोमतीनगर इलाके एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। फोटोग्राफर राजेन्द्र शॉ हैदराबाद के रहने वाले थे। मामले की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक की पुलिस जांच में राजेन्द्र की मौत के कारणों का सही पता नहीं लग सका है।
राजेन्द्र शॉ डाक्यूमेंट्री की शूटिंग के लिए 18 मई को टीम के साथ लखनऊ आये थे। टीम गोमतीनगर के एक होटल कम्फर्ट इन में रूकी हुई थी। कल राजेन्द्र शूटिंग से साढ़े तीन बजे लौटे थे। आज उन्हें सुबह साढ़े नौ बजे फिर जाना था। उन्हें बुलाने के लिए टीम के एक सहयोगी रोहित कुमार ने जब उनके कमरे को दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला।
होटल प्रबंधन की मदद से जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो राजेन्द्र का शव बेड के नीचे पड़ा था। घटना की सूचना पाकर विभूतिखंड थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और सबसे पूछताछ करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस को अंदेशा है कि राजेन्द्र की मौत हार्ट अटैक से हुई है। वह पहले से दिल के मरीज थे और उनकी एंजियोप्लास्टी भी हो चुकी थी।





