गत 25 मई को कनाडा के इमीग्रेशन मिनिस्टर श्री जैसन केनी ने घोषणा की, कि 'कनाडा के प्राथमिक स्कूलों में अब से हिंदी की पढ़ाई लागू की जाएगी'. कनाडा के एक हिंदी अख़बार 'द हिन्दी टाइम्स' की दसवीं सालगिरह पर आयोजित काव्य संध्या में हिन्दी के प्रसिद्द कवि डा कुमार विश्वास को सुनने आई भीड़ और कार्यक्रम के दौरान श्रोताओं के उत्साह से प्रभावित होने के बाद उन्होंने यह त्वरित घोषणा की.


उन्होंने कहा कि हिन्दी की कविता का प्रभाव देख कर मुझे लगता है, कि इसे प्राथमिक शिक्षा से जोड़ा जाना चाहिए. इसके बाद श्री केनी ने सोशल नेटवर्किंग साईट ट्वीटर पर इस सन्दर्भ में ट्वीट भी किया. डा कुमार विश्वास का कहना है, कि हिंदी के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है, कि कनाडा में प्राथमिक स्कूलों में हिन्दी को स्थान मिले. लगभग एक महीने की अमेरिका-कनाडा यात्रा से लौटे डा कुमार विश्वास ने इस घोषणा को एक ऐतिहासिक घोषणा बताया.





