अपने सहकर्मी के यौन शोषण के आरोपी तहलका के संपादक तरुण तेजपाल पूरे वाकये के बाद आज पहली बार दिल्ली एयरपोर्ट पर नजर आए. वे गोवा कोर्ट में पेश होने के लिए आज दिन में 2:30 बजे एयरपोर्ट से रवाना हो गए. सूचना मिलते ही गोवा पुलिस की टीम भी एयरपोर्ट पहुंच गई. हालांकि कोर्ट से गिरफ्तारी पर रोक होने की वजह से पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार नहीं किया है लेकिन पुलिस उन्हें साथ लेकर गोवा जा रही है.
गोवा पुलिस ने आज सुबह छह बजे तरुण तेजपाल के दिल्ली स्थित घर पर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापा मारा था. कल पुलिस के समक्ष पेश ना होने की वजह से तेजपाल के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी कर दिया गया था. आज उसी वारंट को लेकर गोवा पुलिस दिल्ली पहुंची थी.
आज सुबह जब तेजपाल के घर पुलिस पहुंची तो तेजपाल घर पर नहीं मिले. पुलिस ने घर की तलाशी ली और परिवार के सदस्यों से उनके संभावित ठिकाने के बारे में जानकारी मांगी. तेजपाल की पत्नी ने पुलिस को कुछ भी बताने से इंकार कर दिया. गोवा पुलिस के साथ दिल्ली की क्राइम ब्रांच की टीम भी साथ में थी.
तेजपाल ने उत्तरी गोवा के जिला एवं सत्र न्यायालय में अग्रिम याचिका दायर कर दी है. इस याचिका पर आज 2:30 बजे सुनवाई होनी थी. इसी कोर्ट से कल तेजपाल के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया गया था. तेजपाल ने याचिका में गैरजमानती वारंट को खारिज करने की भी अपील की है.