लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी की तरफ से 60 उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की गई है जिसमें खोजी पत्रकार आशीष खेतान को नई दिल्ली सीट से उम्मीदवार बनाया गया है. खेतान तहलका के पत्रकार रह चुके हैं. आशीष खेतान ने तहलका के बाद गुलेल डॉट कॉम की स्थापना की और बीते दिनों में कई स्टिंग किए. नई दिल्ली सीट को लेकर चर्चा थी कि यहां से अरविंद केजरीवाल चुनाव लड़ सकते हैं.
आशीष खेतान की घोषणा के साथ ही आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के सात लोकसभा सीटों में से छह के नाम का एलान कर दिया है जिनमें छह में से तीन पत्रकार हैं. आशुतोष चांदनी चौक से उम्मीदवार हैं तो जरनैल सिंह पश्चिमी दिल्ली से. दक्षिणी दिल्ली से आम आदमी पार्टी ने कर्नल देवेंद्र सहरावत को प्रत्याशी बनाने की घोषणा की है.
उत्तर प्रदेश में पीलीभीत से राजीव अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया जा रहा है, जबकि आंवला से नरेश सिंह आप पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ेंगे. 'आप' की ओर से बरेली सीट पर सुनील कुमार खड़े होंगे, जबकि लखीमपुर से इलियास आज़मी को टिकट दिया गया है. फूलपुर सीट से कांग्रेस ने क्रिकेटर मोहम्मद कैफ को प्रत्याशी बनाया है, और अब आम आदमी पार्टी ने उस सीट पर शिमला श्री को टिकट दिया है. मौजूदा केंद्रीय गृहराज्य मंत्री आरपीएन सिंह की सीट कुशीनगर से 'आप' ने अखंडप्रताप सिंह को प्रत्याशी बनाया है.
हरियाणा में कांग्रेस नेता तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा की सीट अम्बाला से 'आप' ने एसपी सिंह को उम्मीदवार बनाया है. घोषित की गई शेष तीन सीटों – फरीदाबाद, करनाल और भिवानी – से क्रमशः पुरुषोत्तम डागर, परमजीत तथा ललित अग्रवाल को टिकट दिया गया है. पंजाब की संगरूर सीट से जाने माने कॉमेडियन भगवंत मान को टिकट दिया गया है. आज जारी की गई सूची में उत्तर प्रदेश की 38, कर्नाटक की 13, हरियाणा की चार, पंजाब की तीन तथा दिल्ली की दो सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की गई है.






