हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर स्थित विभिन्न समाचार पत्रों के मीडिया कर्मचारी बुधवार को एएसपी हमीरपुर अरविन्द चौधरी से मिले और सुजानपुर थाने के मुंशी द्वारा एक पत्रकार से किए गए दुर्व्यवहार के बारे अवगत करवाया। हमीरपुर के मीडिया कर्मचारी एक सम्मानीय अखबार के पत्रकार से मुंशी द्वारा सही व्यवहार न करने की घटना की कड़ी निन्दा करते हैं। वहीं मीडिया कर्मचारियों ने एएसपी अरविन्द चौधरी द्वारा इस बारे में सन्तोष जनक उत्तर न देने और सुजानपुर थाने के मुंशी के व्यवहार को सही ठहराए जाने के मामले को मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश व डीजीपी के पास उठाए जाने का निर्णय लिया है।
एसपी हमीरपुर द्वारा 25 जून को जारी क्राईम रिपोर्ट के बाद जब एक पत्रकार ने सुजानपुर थाना में फोन कर घटित घटना के बारे कुछ जानकारी हासिल करनी चाही तो मुंशी ने बेरूखी दिखाते हुए बात करने से मना कर दिया। गौरतलब है कि आज जब इस सन्दर्भ में मीडिया कर्मी श्री चौधरी से मामला उठाने के लिए गए तो उन्होंने कोई ठीक उत्तर न देकर यह जताने का प्रयास किया कि सुजानपुर पुलिस स्टेशन द्वारा किया गया व्यवहार सही था और पुलिस विभाग ने ही इस तरह के निर्देश जारी किए हैं।
एएसपी ने यहां तक कह दिया कि थाने में तैनात कांस्टेबलों और एसएचओ को क्राईम की जानकारी नहीं होती जबकि सारे मामले थानों में ही दर्ज किए जाते हैं। मीडिया कर्मचारियों ने सारे घटनाक्रम की कड़ी निन्दा की है और मामले को मुख्यमंत्री और डीजीपी तक पहुंचाने का निर्णय लिया है। प्रतिनिघि मंडल में सुरेंद्र कटोच, डीपी गुप्ता, कपिल बस्सी, रणवीर ठाकुर, रजनीश शर्मा, राजीव चौहान और मोहिन्दर सिंह शामिल थे।
हमीरपुर से विजयेन्दर शर्मा की रिर्पोट.






