विवादित फिल्म 'इनोसेंस ऑफ मुस्लिम्स' के कई दृश्यों का प्रसारण भारत में भी किया जा चुका है. यह काम एक गंभीर माने जाने वाले चैनल ने अंजाम दिया है. भरोसेमंद सूत्रों से भड़ास4मीडिया को मिली जानकारी के अनुसार उस चैनल पर जब एक कार्यक्रम का हिस्सा बनाकर विवादित फिल्म इनोसेंस आफ मुस्लिम्स के कई दृश्यों को दिखाया जाने लगा तो देश के कई हिस्सों से उस चैनल के मैनेजमेंट व शीर्ष अधिकारियों के पास फोन आने लगे.
तब जाकर आनन-फानन में कार्यक्रम का प्रसारण रुकवाया गया. लेकिन जिन लोगों ने ये कार्यक्रम बनाया और चलाया, उनके खिलाफ इसलिए कोई कार्रवाई नहीं हो रही है क्योंकि वे काफी प्रभावशाली परिवारों से ताल्लुक रखते हैं और उनके परिजनों की केंद्रीय सत्ता में शीर्ष पर पकड़ है. जाहिर है, ये लोग सोर्स-सिफारिश के बल पर चैनल में घुसे और इनकी हनक देखते हुए इन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दे दी गईं.
फिलहाल चैनल का शीर्ष प्रबंधन पूरे मामले की लीपापोती में जुटा है. संबंधित कार्यक्रम के वीडियो को चैनल की वेबसाइट से भी हटा दिया गया है. भड़ास4मीडिया के पास पूरे प्रकरण के सभी दस्तावेज जल्द आने वाले हैं, आते ही चैनल के नाम और उनके इस काम से संबंधित पूरी खबर का प्रकाशन प्रसारण किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें- विवादित फिल्म इनोसेंस आफ मुस्लिम्स से जुड़े निकोला बासिल अरेस्ट






